Kanpur News-सीसामऊ उपचुनाव: भाजपा पर शिवपाल सिंह यादव का तीखा हमला

Shivpal Singh Yadav in Sisamau-सीसामऊ विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) की प्रत्याशी नसीम सोलंकी (Nasim Solanki) के समर्थन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने रविवार को कानपुर में प्रचार किया। उन्होंने भाजपा और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि इस उपचुनाव से सत्ता जाने का कोई खतरा नहीं है, फिर भी भाजपा डरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के डर का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक ही विधानसभा में दो बार प्रचार करने आना पड़ा। शिवपाल ने कहा कि भाजपा को सीसामऊ सीट को लेकर विशेष चिंता है, क्योंकि यहां सपा मजबूत स्थिति में है।

झांसी मेडिकल कॉलेज की घटना पर जताई नाराजगी

शिवपाल सिंह यादव ने झांसी मेडिकल कॉलेज में आग लगने से बच्चों की मौत की घटना पर गहरा दुख जताया और प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि योगी सरकार प्रदेश में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं होने का दावा करती है, लेकिन झांसी की घटना ने हकीकत जनता के सामने ला दी है। शिवपाल ने कहा कि सरकार के झूठे दावों से लोगों का विश्वास उठ चुका है, और अब जनता उपचुनावों में भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार है।

Leave a Comment